बेगूसराय जेल में गांधी, नेहरू, जयप्रकाश और कलाम के नाम वार्ड

0
180
बेगूसराय (नंदकिशोर सिंह)। जेल के अंदर डीएम राहुल कुमार ने शनिवार को कैदियों का दरबार लगाया। उन्होंने उनसे उनकी शिकायतें सुनीं। कैदियों की शिकायत सुनने के बाद मंडल कारा अधीक्षक को उन्होंने कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये।
बेगूसराय मंडल कारा में शनिवार को जिला पदाधिकारी राहुल कुमार पहुंचे। उन्होंने कैदियों को जुटा कर दरबार लगाया। उनसे उनकी शिकायतें सुनीं। कैदियों की जुबानी उनकी शिकायतें सुनने के बाद मंडलकारा अधीक्षक को उन्होंने कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान सभी महत्वपूर्ण संधारित बंदियों का निरीक्षण बारीकी से किया और जेल के अंदर हर वार्ड में घूम-घूम कर साफ-सफाई का मुआयना किया। जिलाधिकारी राहुल ने सभी वार्डों के नये नामकरण भी कर दिए। जिसमें वार्ड नंबर 1 को गांधी वार्ड, वार्ड 2 को टैगोर, वार्ड 3 को नेहरू, वार्ड 4 को जयप्रकाश, वार्ड 5 को दिनकर, वार्ड 6 को कलाम और वार्ड 7 को राजेंद्र वार्ड नाम दिया गया। वही महिला वार्ड का नामकरण कस्तूरबा वार्ड रख दिया।
DM ने मंडलकारा में कैदियों के स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भोजन के पौष्टिकीकरण पर बल दिया। उन्होंने मंडल कारा के अंदर किचन रूम में CCTV कैमरा लगाने की जरूरत बतायी। कैदियों ने डीएम से मनोरंजन के लिए टेलीविजन की मांग की। इस पर डीएम ने मंडल कारा अधीक्षक को निर्देश दिया कि टेलीविजन के साथ-साथ कैदियों के लिए खेल सामग्री भी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कैदियों के लिए कौशल विकास के तहत UCO रीसेट से प्रशिक्षण प्रदान करवाने का भी निर्देश दिया। सभी कैदी स्वस्थ रहें, इस बात का ख्याल रखने का निर्देश डीएम ने कारा अधीक्षक को दिया। उन्होंने कहा कि जेल के अंदर हर महीने मेडिकल कैंप लगाकर कैदियों के स्वास्थ्य की जांच कराएं। मंडल कारा के अंदर एएनएम की नियुक्ति  करने की बात भी उन्होंने कही। डीएम ने संपूर्ण जेल परिसर में साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष बल दिया और कहा कि परिसर में फूलों का बगीचा और तालाब का सही तरीके से रखरखाव करना सुनिश्चित करें।
- Advertisement -