झारखंड के बच्चे-बच्चियां हमारे राज्य के ब्रांड अंबेसडरः रघुवर

0
193

रांची। मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड के बच्चे-बच्चियां हमारे राज्य के ब्रांड अंबेसडर बनें। हमारे बच्चों में काफी संभावनाएं हैं। जरूरत थी उन्हें एक मंच प्रदान करने की। झारखंड सरकार ने उन्हें मंच प्रदान किया है और इसका लाभ देखने को मिल रहा है। आज के फैशन शो में सारे फैब्रिक झारखंड के हैं और मॉडल भी आधे से ज्यादा झारखंड के हैं। उक्त बातें उन्होंने नेशनल हैंडलूम डे के अवसर आयोजित झारखंड हैंडलूम फैशन जतरा कार्यक्रम में कहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में देश का 65 प्रतिशत तसर कुकून होता है। यहां फैब्रिक तैयार करने के लिए सरकार केंद्र खोल रही है। आज की जरूरत और मांग को देखते हुए उत्पाद तैयार कराये जा रहे हैं। झारखंड के हस्तकरघा उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए झारक्राफ्ट द्वारा अच्छा काम किया जा रहा है। आज के फैशन शो में झारखंड के फैब्रिक से तैयार उत्पाद विश्वस्तरीय है। देश के प्रमुख डिजाइनरों और मॉडल को लाने का निर्णय किया गया। आज झारक्राफ्ट के लिए बड़े-बड़े डिजाइनर कपड़े डिजाइन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उत्पादों के मार्केटिंग के लिए भी लगातार काम कर रही है।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में बांस का काफी उत्पादन होता है। दुनिया की सबसे बड़ी फर्नीचर कंपनी आइका के साथ करार किया गया है। इसके तहत दुमका से पहली खेप जा चुकी है। अब कंपनी यहां के कारीगरों को प्रशिक्षित करेगी, ताकि बाजार की जरूरतों के मुताबित उत्पाद तैयार कर सकें। उन्हें कंपनी खरीद कर दुनिया के बाजारों में बेचेगी।

श्री रघुवर दास ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा खादी उत्पादों के उपयोग की अपील करते हुए कहा कि इससे बुनकरों को रोजगार मिलेगा। राज्य सरकार ने निफ्ट के लिए रांची में 10 एकड़ जमीन दे दी गयी है। बिल्डिंग बनने तक निफ्ट दूसरे भवन से अपना सत्र शुरू करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वस्त्र उद्योग किसी भी विकासशील राज्यों के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इसमें रोजगार के भी काफी अवसर हैं। झारखंड में कच्चा माल है। दक्ष कारीगर हैं। अब उन्हें ट्रेनिंग और बाजार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। यह हमारे राज्य की पहचान को दुनिया में पहुंचायेगा।

यह भी पढ़ेंः देवघर-बासुकीनाथ फोर लेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया का प्रारंभ जल्द

कार्यक्रम में रांची की मेयर श्रीमती आशा लकड़ा, झारखंड माटी कला बोर्ड श्रीचंद प्रजापति, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री सुनील कुमार वर्णवाल, उद्योग विभाग के सचिव श्री विनय चौबे, झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक सह महानिदेशक मुख्यालय श्री पीआरके नायडू, झारक्राफ्ट के प्रबंध निदेशक श्री मंजूनाथ भजंत्री, पद्मश्री मुकुंद नायक, मॉडल सह अभिनेत्री सुश्री कोइना मित्रा, मिस इंडिया (झारखंड) सुश्री स्टेफी पटेल, मिस इंडिया (उड़िशा) सुश्री क्रिस्टीना बिजो समेत बड़ी संख्या में गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 

- Advertisement -