कोलकाता में जेसीसी कालेज के छात्रों ने बाढ़ पीड़ितों के लिए धन जुटाया

0
302

कोलकाता। केरल में बाढ़ की विभीषिका से तबाह लोगों की मदद के लिए मंगलवार को कोलकाता में कालेज के छात्रों ने धन संग्रह किया। यह रकम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भेजी जायेगी। यह जानकारी देते हुए महानगर के जोगेश चंद्र चौधरी कॉलेज की एनएसएस कोऑर्डिनेटर एकता हेला ने बताया कि उनकी निगरानी में बाढ़ पीड़ितों के सहायतार्थ सहायता राशि संग्रह का काम कालेज के छात्रों ने किया।

कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों और  बच्चों ने मिलकर कॉलेज कैंपस व उसके आसपास की दुकानों से 5656 रुपए की राशि का संग्रह किया। इस मौके पर कॉलेज के प्रिंसिपल पंकज कुमार  रॉय ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आपदा मानवजनित आपदा है। हमने अपने स्वार्थवश इसे कहर बरपाने का मौका दिया। प्रकृति से छेड़छाड़ करने पर ऐसे ही नतीजे मिलेंगे।

- Advertisement -

इस मौके पर एनएसएस की संयोजक और हिंदी विभाग की प्राध्यापिका एकता हेला ने कहा कि हमारा यह छोटा-सा प्रयास है, लेकिन हम वही कर रहे हैं, जो इस समय सबको करना चाहिए। हम अपने बच्चों को इंसान बनना सिखा रहे हैं। ऐसी विकट परिस्थितियों में अगर हम कुछ न कर पाए तो फिर हम चाहें कुछ भी हों, इंसान तो कत्तई नहीं हो सकते। इस आयोजन के पीछे यही उद्देश्य छिपा है। एनएसएस के संरक्षण में हुए इस कार्यक्रम में कॉलेज के सभी लोगों ने अपना योगदान दिया।

यह भी पढ़ेंः 

देवघर से बासुकीनाथ धाम को जोड़ने वाली सड़क होगी फोरलेन

केरल इन दिनों पानी के कहर का सामना कर रहा है। पानी-पानी हो चुके केरल में सब कुछ ठप्प पड़ चुका है। खाने-पीने की चीजें भी बड़ी मुश्किल से लोगों तक पहुंच पा रही हैं। देश और विदेश से कई तरह की सहायता केरल तक पहुंचाई जा रही है। इस बाढ़ की भयावहता का अंदाज इस बात से ही लगाया जा सकता है कि इस राज्य में पानी के चलते इमारतें तक ध्वस्त हो रही हैं, इंसानों के साथ जानवरों की लाशें पानी में तैर रही हैं। बाढ़ कम हो रही है, लेकिन असली मदद की दरकार इसके बाद पुनर्वास और बीमारी से बचाव के लिए अभी होगी।

यह भी पढ़ेंः 

देवघर के मदरसा मैदान में शिवलोक की स्थापना होगीः रघुवर

- Advertisement -