भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज

0
771

पटना। भोजपुरी फिल्म की एक अभिनेत्री के किडनैपिंग की एफआईआर अगमकुआ थाने में दर्ज करायी गयी है। अभिनेत्री का नाम है नीलम सिंह। वह बिग मेम साहब की विजेता रही हैं। नीलम सिंह के अपहरण की प्राथमिकी उनके पति बालाजी ने दर्ज करायी है।

अपहरण का आरोप उन्होंने वरुण पांडेय नामक एक आदमी पर लगाया है। उन्होंने कहा है कि वरुण का संपर्क नीलम से था। उसी ने गलत इरादे से उनका अपहरण किया है। अगम कुआं थाना प्रभारी के मुताबिक अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए नीलम की सुरक्षित बरामदगी के लिए पुलिस प्रयासरत है

- Advertisement -

गया के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के जैतिया गांव में जन्मी नीलम सिंह के पिता उमेश सिंह और मां बिन्दू सिंह बेटी को उच्चाधिकारी बनाना चाहते थे, लेकिन नीलम सिंह की पढ़ने में अधिक रुचि नहीं थी। वह मशहूर कोरियोग्राफर गीता मां और बॉलीवुड की धकधक गर्ल माधुरी दीक्षित से प्रभावित रहने के कारण डांस के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना चाहती थी।

2007 में नीलम सिंह की शादी बिजनेसमैन बालाजी सिंह के साथ हो गयी और वह पटना आ गयी। शादी के बाद आमतौर पर महिलाओं पर कई तरह की बंदिशें लगा दी जाती हैं, लेकिन नीलम सिंह के साथ ऐसा नहीं हुआ। उनके पति बालाजी सिंह के साथ ही ससुर उमा कांत सिंह और सास सरस्वती देवी समेत ससुराल पक्ष के सभी लोगों ने उन्हें काफी सपोर्ट किया।

नीलम सिंह यदि चाहती तो विवाह के बंधन में बंधने के बाद एक आम नारी की तरह जीवन गुजर बसर कर सकती थी, लेकिन वह खुद की पहचान बनाना चाहती थी। नीलम सिंह का सपना था कि वह डांस के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाये। इसी दौरान नीलम सिंह को उनकी बेटी समीक्षा बालाजी के स्कूल में हुए डांसिग कंपटीशन में शिरकत करने का अवसर मिला और उन्हें उनके डांस के लिये काफी सराहना मिली।

नीलम सिंह ने ठाना कि अब वह डांस के क्षेत्र में अपनी पहचान बना कर दिखायेगी। नीलम सिंह ने वर्ष 2013 में जी पुरवइया पर हुए डासिंग कंपटीशन गजब है में परफार्म किया। हालांकि वह शो की विजेता नहीं बन सकी। लेकिन उन्हें उनके डांस के लिये काफी सराहना मिली। नीलम सिंह ने जाने-माने कोरियोग्राफर राकेश राज से डांस सीखना शुरू कर दिया। इसके बाद नीलम सिंह ने डीआइडी सुपरमॉम में हिस्सा लिया और वह पांचवे राउंड तक गयी। मुंबई में हुए शो के दौरान जज के तौर पर मौजूद बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा, मशहूर कोरियोग्राफर गीता मां और टैरेंस लुईस ने नीलम सिंह के डांस की काफी तारीफ भी की। इसी दौरान नीलम सिंह ने बिग मेम साब सीजन और भौजी नंबर वन रियलिटी शो में भी शिरकत की, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिल सकी।

नीलम सिंह ने वर्ष 2015 में राकेश राज के साथ मिल कर बार्न टू डांस एकेडमी की शुरुआत की। इसके बाद नीलम सिंह ने अपनी छोटी बेटी सना के नाम से एक्जीविशन रोड में सना बार्न 2 डांस एकेडमी की शुरूआत की। उनकी संस्था में आज 100 से अधिक महिलाएं और बच्चियां डांस सीखती हैं। नीलम सिंह स्कूल-कॉलेज में होने वाले डासिंग कार्यक्रम को कोरियोग्राफ करने लगीं। नीलम सिंह ने गत वर्ष ही  राजधानी पटना में आयोजित बिग मेम साब सीजन 08 में हिस्सा लिया और विजेता का ताज अपने नाम कर लिया।

यह भी पढ़ेंः

- Advertisement -